केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करने के कारण खत्म हो जाएगी भाजपा
यूपी से बेहतर है बंगाल की कानून – व्यवस्था
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव आम चुनाव के मद्देनजर संभावित विपक्षी मोर्चे का फॉर्मूला क्या होगा, इस पर उन्होंने खुलासा तो नहीं किया मगर उन्होंने यह जरूर कहा कि भाजपा को हराना हमारा उदेश्य है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के खिलाफ लड़ाई में क्षेत्रीय पार्टियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। अखिलेश ने कहा कि हम क्षेत्रीय पार्टी किसी एक मोर्चे को तैयार करना चाहते हैं। कांग्रेस क्या करेगी वे अपना साेचें। उसी तरह से वाममोर्चा के लिए सपा प्रमुख ने संदेश दिये।
रविवार को कोलकाता में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टी और कुछ दल यह प्रयास में है कि कोई न कोई गठबंधन या कोई भी फ्रंट तैयार हो। उन्होंने कहा कि इस कोशिश में ममता बनर्जी भी काम कर रही हैं। तेलांगना के सीएम वो भी ऐसा चाहते हैं, बिहार के मुख्यमंत्री भी चाहते हैं। इस तरह से देश के कई सारे क्षेत्रीय पार्टियों के नेता कोई फ्रंट बनाने के पक्ष में हैं। जहां तक सवाल कांग्रेस का है तो वे राष्ट्रीय पार्टी है वे अपनी भूमिका तय करेगी। हमारा उद्देश्य भाजपा को हराना है। विपक्षी खेमे का चेहरा कौन होगा? इस सवाल पर यादव ने कहा कि चुनाव के बाद इसका फैसला किया जाएगा और अभी यह ‘उचित सवाल’ नहीं है।’
अखिलेश यादव ने एक तीर से दो निशाना साधा है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के ‘दुरुपयोग’ के चलते आने वाले दिनों में ‘कांग्रेस की तरह’ राजनीतिक रूप से खत्म हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बंगाल के बाद यूपी में सबसे ज्यादा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा है।
केंद्र सरकार जाति जनगणना कराएं
2024 लोकसभा में चुनाव के मुद्दे भी तैयार करने में विपक्ष जुटा हुआ है। इनमें से जाति जनगणना को अखिलेश एक प्रमुख मुद्दा मानते हैं। उन्होंने इस पर जोर देते हुए दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन-2 सरकार के दौरान कांग्रेस ने जाति जनगणना कराने का वादा किया था, लेकिन बाद में ‘पीछे हट गई।’ हम चाहते हैं कि भाजपा नीत केंद्र सरकार जाति जनगणना कराए। कई नेता इसकी मांग कर रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस की तरह भाजपा भी जाति जनगणना कराने की इच्छुक नहीं है।’ उन्होंने कहा कि कुछ मुद्दे दिखाई देंगे कुछ नहीं। कई मुद्दे होंगे।
यूपी में होते हैं फेक इनकाउंटर
उन्होंने कहा कि यूपी में सभी फेक एनकाउंटर होते हैं। सबसे ज्यादा कस्टोडियन की मौत यूपी में होती है। जब जांच होगी तो कई अधिकारियों को नुकसान होगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यूपी की तुलना में बंगाल में कानून व्यवस्था बेहतर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार ने दो बार जनता को बड़े बड़े वादे किये थे। इसलिए आज जनता को जवाब देना होगा। आज महंगाई, अन्याय चरम पर है।
बंगाल की धरती से सपा ने बनाया प्लान
अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने यही फैसला लिया है कि हमारे साथ जो गठबंधन दल है मिलकर सभी 80 सीटों पर लड़ेंगे। उन्होंने बंगाल की धरती को बेहद ही शुभ मानते हुए कहा कि जब कभी यहां (कोलकाता) कार्यक्रम हुए है और उत्तर प्रदेश लौटे हैं तो सपा आगे बढ़ी है और देश की राजनीति बड़ी भूमिका निभाई।
रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी सपा ?
यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में रायबरेली और अमेठी लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी, जिसे कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। इस पर यादव ने आरोप लगाया कि अमेठी में सपा कार्यकर्ताओं की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि ‘अमेठी में हमारे कार्यकर्ता मारे जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता सवाल कर रहे हैं कि उनके लिए कौन लड़ेगा। वहां समाजवादी कार्यकर्ता हैं जो एक-दूसरे का समर्थन कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता हमारे समर्थन में नहीं आ रहे हैं। उन्होंने अमेठी में भी चुनाव लड़ने की इच्छा जतायी है। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी रायबरेली से सांसद हैं, जबकि उनके बेटे एवं पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अमेठी में हरा दिया था।
2024 में क्षेत्रीय दलों की होगी अहम भूमिका – अखिलेश
Visited 146 times, 1 visit(s) today