
उत्तर कोरिया की तरह बंगाल में है ‘जंगलराज’
लौट आयें, सिनेमा करें, हम भी देखेंगे : सुकांत
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : त्रिपुरा हमले के विरोध में सोमवार को तृणमूल द्वारा मुरलीधर सेन लेेन स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय के निकट प्रदर्शन की निंदा भाजपा ने की। संवाददाताओं कोे संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि पहले भी इस तरह के प्रदर्शन भाजपा मुख्यालय के निकट हुए हैं जिसकी भाजपा पूर्ण निंदा करती है। इस तरह का ट्रेंड अगर चालू होता है तो इसका नकारात्मक असर पश्चिम बंगाल पर पड़ेगा। इस तरह के प्रदर्शन से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति क्या होगी, इस पर तृणमूल सरकार को विचार करना चाहिये। केंद्रीय नेतृत्व के बंगाल आने के सवाल पर उन्होंने कहा कि तृणमूल की कुसंस्कृति से लड़ने के लिए पश्चिम बंगाल भाजपा ही काफी है।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घर के निकट तृणमूल के प्रदर्शन को निंदनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह का गलत ट्रेंड चालू किया जा रहा है। अगर कोई राज्य की मुख्यमंत्री या राज्य के किसी मंत्री के घर के निकट प्रदर्शन करे तो पश्चिम बंगाल की क्या हालत होगी। सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की तुलना उत्तर कोरिया से करते हुए कहा कि यहां उत्तर कोरिया के समान जंगलराज है। उन्होंने कहा, ‘पूरी दुनिया में दो ऐसे स्थान हैं जहां जंगलराज है। इनमें उत्तर कोरिया और पश्चिम बंगाल का नाम है जहां जंगलराज है।’ सायोनी घोष को जमानत मिलने के मुद्दे पर सुकांत मजूमदार ने कहा, ‘बहुत ही अच्छी खबर है। हम अदालत के फैसले का स्वागत करते हैं। अब वह लौट आयें, सिनेमा करें, हम भी देखेंगे।’