
कांथी : पश्चिम बंगाल पुलिस ने रविवार को कहा कि पूर्व मिदनापुर जिले में विस्फोट के पीछे जिन लोगों का हाथ हैं, उनकी तलाश चल रही है। शुक्रवार रात को भूपतिनगर में विस्फोट होने के बाद उत्पन्न तनाव अब भी महसूस किया जा सकता है। इस विस्फोट के कुछ ही घंटे बाद अगले दिन शनिवार को कांथी में तृणमूल कांग्रेस के नेता अभिषेक बनर्जी की रैली थी। एक अधिकारी ने कहा कि इलाके में पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी थी जिसने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। कांथी उपसंभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ हमने अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। इस घटना की जांच की जा रही है।’’
पुलिस के अनुसार इस विस्फोट में तीन लोगों राजकुमार मन्ना, देबकुमार मन्ना और बिश्वजीत गायेन की मौत हो गयी एवं कई अन्य घायल हो गये। विस्फोट इतना जबर्दस्त था जिस कच्चे घर में यह हुआ, उसका छप्पर उड़ गया। दावा किया जा रहा है कि राजकुमार मन्ना तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता थे।