
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तीन साल बाद महानगर को उत्तर से दक्षिण की ओर जोड़ने वाला टाला ब्रिज गुरूवार यानी कल से खुल जाएगा। इस नवनिर्मित टाला ब्रिज का उद्घाटन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी करेंगी। इस ब्रिज के उद्घाटन से सबसे ज्यादा राहत उत्तर कोलकाता के लोगों को मिलेगी। पिछले तीन सालों से यहां के लोगों को यातायात की सबसे ज्यादा समस्या उठानी पड़ी थी। मालूम हो कि पहले ब्रिज का उद्घाटन 24 सितंबर को होना था, बाद में इसे बदल कर 29 सितंबर रखा गया। फिर अचानक ही इसे भी बदलकर अब निर्णय लिया गया कि यह ब्रिज कल यानी 22 सितंबर को खुल जायेगी।
खुलने के लिए तैयार है टाला ब्रिज
आखिरकार तीन साल बाद लोगाें का इंतजार खत्म हो गया है। फाइनली अब कल टाला ब्रिज खुल जायेगा। इस लिए ब्रिज पूरी तरह से तैयार है।
भारी वाहनों की आवाजाही पर होगा विचार
सूत्रों ने बताया कि टाला ब्रिज की शुरुआत में केवल हल्के वाहन चलाये जाएंगे। स्थिति का आकलन करने के बाद और रिपोर्ट संतोषजनक पाये जाने पर ही भारी वाहन चलाने का निर्णय लिया जायेगा। टाला ब्रिज कोलकाता को उपनगरों से जोड़ता है। लेकिन माझेरहाट पुल के ढह जाने के बाद खतरे से बचने के लिए पुराने पुल को तोड़कर नया ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया। इसके बाद 1 फरवरी, 2020 से टाला ब्रिज पर यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया। पुनर्निर्माण कार्य शुरू हुआ। दो वर्षों में 468 करोड़ रुपये की लागत से 750 मीटर लंबा नया ब्रिज भी केबल स्टे रेलओवर ब्रिज के रूप में अपनी शुरुआत कर रहा है। इतना ही नहीं पहले यह तीन लेन का पुल था, लेकिन नया पुल चार लेन का है, इसलिए दोनों तरफ फुटपाथ हैं।