
मलबे में और भी श्रमिकों के दबे होने की आशंका
सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : जगाछा थाना के आड़ूपाड़ा में एक निर्माणाधीन पानी की टंकी का एक हिस्सा गिर जाने से पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पानी की टंकी की वेल्डिंग के दौरान हुआ। ढांचे का एक हिस्सा गिर जाने से कई मजदूर घायल हो गए। घटना मंगलवार दोपहर की है। खबर मिलते ही जगाछा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार मंगलवार की दोपहर आड़ूपाड़ा इलाके में एक सरकारी प्रोजेक्ट पर काम चल रहा था। वहां पानी की टंकी बनाई जा रही थी। पानी की टंकी की वेल्डिंग की जा रही थी, तभी यह हादसा हो गया। वेल्डिंग के लिए बनाए गए ढांचे का एक हिस्सा ढह गया। इससे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। ढांचा गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। गंभीर रूप से घायल 5 मजदूरों को मलबे से निकालकर हावड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मलबे में कई और लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। एक अधिकारी के अनुसार काम करने के दौरान ही यह हादसा हुआ है। पांच घायल हुए थे जिनमें से तीन अस्पताल से वापस आ गए हैं। उन्होंने बताया कि यहां पावर प्लांट बनाया जा रहा है।