
निर्भया फंड के तहत वीडियो मैसेज बनाकर किया जा रहा है जागरूक
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कोलकाता पुलिस अपने रेस्पेक्ट वूमेन अभियान के तहत अब महिलाओं को घरेलू हिंसा के प्रति जागरुक कर रही है। सिर्फ जागरूक ही नहीं बल्कि महिलाओं को इसके खिलाफ आवाज उठाने एवं पुलिस से शिकायत करने के लिए भी कहा जा रहा है। हाल ही में कोलकाता पुलिस की ओर से अपने सभी सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया गया। उस वीडियो में एक घरेलू हिंसा की शिकार महिला को उसकी हक के लिए पुलिस से शिकायत करने के लिए कहते हुए एक महिला को सुना गया। हर महिला को 100 डायल कर पुलिस मदद मांगने के लिए कहा गया है। यह अभियान की शुरूआत निर्भया फंड के तहत की गयी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घरेलू हिंसा कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे बलपूर्वक कालीन के नीचे दबा दिया जाए। इसके बजाय, इससे निपटा जाना चाहिए और अपराधी को न्याय के कठघरे में लाया जाना चाहिए। महिलाओं को यह अहसास होना चाहिए पुलिस उनकी मदद के लिए हैं। यह महिलाओं की सुरक्षा के लिए बने अधिनियमों के दुरुपयोग को भी रोकेगा। रेस्पेक्ट वूमेन का यह तीसरा संस्करण है, जिसमें पहले आत्मरक्षा तकनीकों और सड़क पर महिलाओं की सुरक्षा को कवर किया गया था। इस कार्यक्रम के तहत महिलाओं का सम्मान करने के लिए पुरुषों को शिक्षित करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा। पुलिस लड़कों और सह-शिक्षा विद्यालयों में छात्रों के लिए एक सेंसीटाइजेशन कार्यक्रम को फिर से शुरू करने की योजना बना रही है। अन्य परियोजनाओं में स्कूल व कॉलेजों के पास लगभग 1000 सीसीटीवी कैमरे और बाजारों और व्यस्त इलाकों के पास महिलाओं के लिए मोबाइल शौचालय स्थापित किए जाएंगे। महिला के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों का बेहतर पता लगाने के लिए पुलिस एक समर्पित साइबर अपराध जांच प्रयोगशाला के साथ आने की भी योजना बना रही है।