
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : मौसम की आंख मिचौली लगातार जारी है और पिछले दो दिनों में कोलकाता के न्यूनतम तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गयी है। हालांकि आज से फिर मौसम में बदलाव हो सकता है और गर्मी बढ़ सकती है। इधर, मंगलवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक से 2 डिग्री कम है। गत सोमवार को न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस यानी स्वाभाविक से 1 डिग्री कम था। गत रविवार से मंगलवार तक कोलकाता के तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गयी। सोमवार को कोलकाता का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो स्वाभाविक है। फिलहाल कुछ दिनों से रात में हल्की ठण्ड लग रही है, लेकिन दिन में ठण्ड नदारद है। गत रविवार को कोलकाता का न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जो स्वाभाविक से 4 डिग्री अधिक था। वहीं सोमवार यानी एक दिन में ही पारा 4 डिग्री से अधिक गिर गया। आज यानी बुधवार को तापमान में 2 डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है और इसके बाद इसी तरह धीरे – धीरे न्यूनतम तापमान बढ़ने की संभावना मौसम विभाग ने जतायी है। इधर, अगले 48 घण्टों तक दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरदुआर व कूचबिहार में हल्का कुहासा रहने की संभावना है। वहीं बारिश की कोई संभावना नहीं जतायी गयी है।