
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : सीएम ममता बनर्जी ने भाजपा व केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव में देश की जनता भाजपा के लिए बुलडोजर साबित होगी। सोमवार को एक निजी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने उक्त बातें कहीं। ममता बनर्जी ने कहा कि इस तरह की प्रतिशोधी सरकार कभी नहीं देखी। अगला चुनाव भाजपा बनाम देश की जनता का होगा जहां लोग लोकतांत्रिक तरीके से भाजपा को बुलडोज (हटाएगी) करेंगे।
राजनीति में परिवारवाद के आरोप पर ममता ने कहा कि अभिषेक बनर्जी के जीतने पर इसमें बुरा लगने वाली क्या बात है। उन्हें जनता ने चुना है। हम नये लोगों को राजनीति में लाना चाहते हैं। लोग चुनकर भेजते हैं। सीएम ने कहा कि पूरे देश में ऐसी कई पार्टियां हैं जहां युवा चुनकर आ रहे हैं। अखिलेश भी चुनाव जीतकर आये हैं। वे भी तो मुलायम सिंह के बेटे हैं।
बागी विधायकों को और भी कई चीजों की सप्लाई की गई
महाराष्ट्र के सियासी घमासान पर सीएम ने कहा कि शिंदे सरकार अवैध है, उन्होंने महाराष्ट्र का दिल नहीं जीत पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बागी विधायकों को केवल पैसे की सप्लाई नहीं हुई बल्कि और भी कई चीजों की सप्लाई हुई जिस पर मुंह नहीं खोलने में ही भलाई है। कई बार चुप रहना ‘गोल्डन’ और बोलना ‘सिल्वर या चांदी’ होता है।
धनखड़ पर भी साधा निशाना
राज्य के सरकारी व सरकारी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों की चांसलर होने के एक सवाल पर सीएम ने कहा कि यह महाराष्ट्र में पहले ही हुआ है। नरेंद्र मोदी जब गुजरात के सीएम थे उस दौरान भी यह किया गया था। राज्यपाल जगदीप धनखड़ पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि वे हमें बंधुआ मजदूर समझते हैं। एक चुनी हुई सरकार के साथ आये दिन खराब व्यवहार करते हैं।