
गंगासागर : गंगासागर मेला में आस्था की डुबकी लाखों तीर्थयात्रियों ने लगायी। सागर में डुबकी लगाने के बाद तीर्थयात्रियों ने मंदिर में पूूजा अर्चना पूजा की। मकर संक्रांति के अंतिम दिन तीर्थयात्रियों में महामारी कोरोना के बावजूद काफी उत्साह दिखा। शनिवार की दोपहर 12 बजकर 34 मिनट पर पुण्य स्नान का समय समाप्त हुआ। इस बीच सुबह 9.30 बजे सुंदरवन विकास मामलों के मंत्री बंकिम चंद्र हाजरा ने सागर में डुबकी लगाई और पूजा अर्चना की। कपिल मुनि मंदिर के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने भी पुण्य स्नान किया। शंकराचार्य निश्चलानंद जी महाराज ने गंगासागर में पुण्य डुबकी लगाई और देश व मानव जीवन के कल्याण की कामना की। मंत्री पुलक राय ने सड़क संख्या दो पर आकर जरूरतमंदों के बीच दान पुण्य किया।
जिला प्रशासन की ओर जानकारी दी गई कि ई दर्शन, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम और गंगासागर वेबसाइट के तहत 3 करोड़ तीर्थयात्रियों ने ई -दर्शन किया। ई- स्नान 2,88,960 तीर्थयात्रियों ने किया है। ई-पूजा 1,19,662 भक्तों ने की। जिला प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश महोबा के रहने वाले सुभाष चंद्र अररिया (40) का हृदय रोग से पीड़ित होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस की मदद से हावड़ा पहुंचाया गया। उन्हें हावड़ा जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा 4 अन्य लोगों की भी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें एअरलिफ्ट किया गया। मेले के दौरान पुलिस की ओर से 86 लोगों को हिरासत में लिया गया। मेले में जितनी सामग्री चोरी हुई थी, उन्हें बरामद कर लिया गया गया है। कपिल मुनि मंदिर की तरफ से गंगासागर तट पर गंगा आरती का भी आयोजन किया गया जिसे लोगों ने खूब सराहा। गंगासागर मेला को सफल बनाने में 15000 पुलिस, एनजीओ के 6 हज़ार स्वेच्छया सेवक, 3500 सफाई कर्मी, 3100 स्वास्थ्य कर्मी, 2200 सिविल डिफेंस, 800 सागर बंधु , 300 जल प्रहरी, 75 जल साथी कर्मियों के विशेष सहयोग से गंगासागर मेला को सफल बनाया गया।