
मधु सिंह
कोलकाता : केएमसी चुनाव अब आने वाला है और वार्ड न. 23 से भाजपा के उम्मीदवार विजय ओझा तीसरी बार भी जीतने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। चुनाव हो या ना हो, लेकिन विजय ओझा रोजाना सुबह अपने वार्ड में कभी लोगों से मिलते हुए तो कभी उनकी समस्याएं सुनते हुए दिख जाते हैं। सन्मार्ग से बातचीत में विजय ओझा ने कई मुद्दों पर अपने विचार रखें।
12 महीने चलता है प्रचार
विजय ओझा ने कहा, पूरे 12 महीने ही प्रचार चलता है। हमेशा लोगों के बीच रहता हूं, उनकी समस्याएं सुनता हूं और उनका समाधान करने की कोशिश करता हूं। अभी निमंत्रण दे रहा हूं कि लोकतंत्र के सबसे बड़े उत्सव में आपका स्वागत है। मेरी सेवाएं लोगों के साथ हैं और अब इस बार भी जनता का आशीर्वाद मिलने की उम्मीद है क्योंकि वही मेरा बल है।
निगम का काम हमेशा रहता है जारी
जीतने के बाद क्या अधूरे कार्य पूरा करना चाहेंगे, पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि निगम का कार्य सेवा का कार्य होता है जो हमेशा जारी रहता है। कभी नयी सड़क की पुनः खुदाई कर दी जाती है तो कभी किसी चीज़ को मरम्मत की ज़रूरत पड़ जाती है।
विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिला स्टार मार्क
विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर विजय ओझा ने कहा कि हमने 200 सीटों का टार्गेट रखा था और हमें 77 सीटें मिलीं। एक तरह से भाजपा को स्टार मार्क मिला। राज्य के 28 लाख से अधिक लोगों का समर्थन हमें मिला। लोगों ने भरपूर समर्थन दिया और भाजपा के अच्छे नतीजे भी आए।
हिंसा के कारण सामने नहीं आ रहे कार्यकर्ता
जिस तरह काफी वार्डों में कार्यकर्ताओं की कमी के कारण उम्मीदवारों को अकेले ही चुनाव प्रचार करना पड़ रहा है, उस पर विजय ओझा ने कहा कि राज्य में जिस प्रकार विधानसभा चुनाव के बाद हिंसा की घटनाएं हुईं, उस कारण कार्यकर्ता भय से सामने नहीं आ रहे हैं। इस तरह राजनीति नहीं होती है और ऐसी स्थिति में केवल राज्य पुलिस से स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव संभव नहीं है।
जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त
विजय ओझा अपनी जीत के प्रति पूरी तरह आश्वस्त हैं क्योंकि उनका मानना है कि वार्ड में उन्होंने जिस प्रकार पिछले 10 वर्षों में कार्य किये और लोगों से हमेशा जुड़े रहे, उसे देखते हुए इस बार भी जनता का आशीर्वाद मिलेगा।