
सन्मार्ग संवाददाता
खड़गपुर: पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध सबंध होने का प्रतिवाद करने के फलस्वरुप पत्नी को अपनी जाने से हाथ धोना पड़ा। उसके पति ने ही उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और अभियुक्त पति को गिरफ्तार कर लिया। जिसका नाम शक्तिपद दास बताया जाता है। घटना पश्चिम मिदनापुर जिले के पिंगला थाना इलाके के नया गांव की है। पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार पिंगला थाना इलाके के नया गांव में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गयी। बताया जाता है कि अभियुक्त शक्तिपद दास प्रायः रोजाना ही शराब पीकर घर आता और अपनी पत्नी बुल्टी दास के साथ लड़ाई झगड़ा करता था। आरोप है कि बुधवार की रात को भी शक्तिपद दास शराब के नशे में घर आया और अपनी पत्नी के साथ लड़ाई करते-करते किसी वजनदार वस्तु से अपनी पत्नी को बुरी तरह से पीट डाला। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गयी। स्थानीय लोगों की मदद से उसे किसी तरह से अस्पताल ले जाया गया जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बारे में रात को ही पुलिस ने जाकर अभियुक्त को उसके घर से गिरफ्तार कर गुरुवार को उसे अदालत में पेश कर दिया।