– मारपीट की घटना के विरोध में महिलाओं ने किया वारिया फाड़ी में प्रदर्शन
दुर्गापुर : दुर्गापुर थाना के डीटीपीएस फाड़ी अंतर्गत माया बाजार स्थित वारिया एवं विजय नगर में बुधवार की रात एक निजी कार्यालय के बाहर सीसीटीवी लगाने को केंद्र कर मारपीट तथा तोड़फोड़ की घटना घटी थी। इस मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अनुमंडल अदालत से रिमांड पर लिया है। वहीं शुक्रवार को स्थानीय महिलाओं ने एक पक्ष के चार लोगों को गिरफ्तार करने एवं मारपीट की घटना के खिलाफ वारिया फाड़ी के सामने प्रदर्शन किया। आरोप है कि बुधवार रात हथियारों से लैस 50 से 60 की संख्या में आये हमलावरों ने वारिया स्थित ट्रांसपोर्टर मिथिलेश सिंह के चावल की दुकान के साथ उसके सैलून में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद विजयनगर स्थित मिथिलेश के कार्यालय पर हमला किया गया था। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मारपीट एवं तोड़फोड़ में शामिल माया बाजार तथा माना वारिया निवासी रंजीत चौधरी, सुरेश चौधरी, दीपक चौधरी, परेशनाथ चौधरी को गिरफ्तार किया था। वारिया फाड़ी के सामने प्रदर्शन करने वाली महिलाओं ने कहा कि मारपीट मामले में बेगुनाह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि दूसरे गुट के लोग रात में महिलाओं को परेशान कर रहे हैं। इसके अलावा रेप करने की धमकी दी जा रही है। इस कारण स्थानीय महिलाएं काफी डरी हुई हैं। इसके अलावा घरों में तोड़फोड़ करने की धमकी दी जा रही है। इस दौरान गिरफ्तार लोगों को जल्द रिहा नहीं किया गया तो जोरदार आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं के साथ कोई अप्रिय घटना घटी तो पुलिस प्रशासन को जिम्मेदारी लेनी होगी। आरोप है कि इलाके में अवैध कारोबार को लेकर इमरान खान एवं सरवन चौधरी के नेतृत्व में मिथिलेश सिंह के ठिकानों पर हमला किया गया था।
सीसीटीवी लगाने को केंद्र कर मारपीट, चार आरोपी गिरफ्तार
Visited 76 times, 1 visit(s) today