
आरोप मारपीट कर लूटा सोने की इयरिंग व मोबाइल
डीसी ईएसडी ने किया घटनास्थल का दौरा
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एक महिला बाउल कलाकर से दुष्कर्म की कोशिश की गयी। घटना उल्टाडांगा थानांतर्गत कोलकाता स्टेशन के निकट की है। आरोप है कि मंगलवार को 40 वर्षीया महिला से दुष्कर्म किया गया। घटना को लेकर उल्टाडांगा महिला थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी। डीसी ईएसडी प्रियव्रत राय और डीडी के अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। आरोप है कि अभियुक्त ने महिला से सोने की इयरिंग और मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगालकर अभियुक्त की तलाश कर रही है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार मंगलवार की दोपहर पीड़ित महिला किसी काम के सिलसिले में उल्टाडांगा दालपट्टी की तरफ गयी थी। आरोप है कि जब वह अपना काम खत्म करने के बाद वापस लौट रही थी तभी एक अभियुक्त ने उसका रास्ता रोका। आरोप है कि इसके बाद अभियुक्त ने महिला पर जानवरों जैसा जुल्म किया। घटना को लेकर पीड़िता ने उल्टाडांगा महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल टेस्ट भी कराया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक सरकारी सहायता प्राप्त बाउल कलाकार है। मंगलवार को दालपट्टी से वापस लौटने के दौरान वह कोलकाता स्टेशन से संलग्न कैनल के रास्ते से गुजर रही थी । वापस लौटने में उसे काफी देर हो गयी थी। घटना के समय सड़क पर लोग ज्यादा नहीं थे। बारिश होने के कारण महिला ने सड़क किनारे स्थित एक शेड में आश्रय लिया था। आरोप है कि तभी एक अभियुक्त ने पीछे से आकर उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद महिला को डराया और उसे एक सुनसान जगह पर ले गया। आरोप है कि अभियुक्त ने महिला के सोने की इयरिंग और मोबाइल लूट लिए। इसके बाद अभियुक्त ने महिला से दुष्कर्म किया। आरोप है कि दुष्कर्म के कारण महिला बेहोश हो गयी। जब होश आया तो उसने अपने कपड़े फटे हुए पाए। शाम साढ़े 5 बजे वह किसी तरह वहां से घर वापस पहुंची। घर पहुंचने पर उसकी तबीयत खराब हो गयी। इसके बाद घर से अस्पताल जाकर महिला ने अपना प्राथमिक इलाज कराया। पुलिस के अनुसार गुरुवार की रात पीड़ित महिला ने थाने में शिकायत दर्ज करायी। स्थानीय कांग्रेस नेता का आरोप है कि घटना के बाद महिला जब उल्टाडांगा महिला थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची तो पुलिस ने उसे 1000 रुपये देकर वापस भेज दिया। फिलहाल पुलिस गंभीरतापूर्वक मामले की जांच कर रही है।