परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एक और महिला की डेंगू से मौत हो गई। मृतका का नाम भानु बाला गुहा (40) है। वह वार्ड नम्बर तीन के बेलगछिया एलआईजी हाउसिंग की रहने वाली थी। उसे सोमवार की रात आरजीकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी देर रात 3.10 बजे मौत हो गई। अस्पताल द्वारा मौत का कारण डेंगू सिंड्रोम दर्शाया गया है। मृतका के पति का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण भानु की मौत हुई। मृतका के पति कौशिक गुहा ने बताया कि शनिवार को उनकी पत्नी की तबीयत अचानक खराब हो गई। स्थानीय डॉक्टर से चिकित्सा कराने पर उन्होंने डेंगू टेस्ट करवाने को कहा, जहां भानु को पॉजिटिव पाया गया। रविवार को टेस्ट रिपोर्ट में भानु की प्लेटलेट दर 2,40,000 थी। हालांकि, सोमवार को महिला की स्थिति काफी गंभीर हो गई। उसे रात 10.30 बजे के करीब अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात 12 बजे के करीब जब महिला का टेस्ट किया गया तो उसकी प्लेटलेट दर गिर कर 13,000 तक जा पहुंची थी। महिला के पति ने आरोप लगाया कि आईसीयू में बेड नहीं होने के कारण महिला का जनरल वार्ड में ही इलाज किया गया, साथ ही अस्पताल में ऑक्सीजन मास्क भी नहीं था। महानगर में अब तक करीब 11 लोगों की जबकि राज्य में 28 लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है।
नहीं थम रहा डेंगू का प्रकोप, महानगर में एक और महिला की डेंगू से मौत
Visited 88 times, 1 visit(s) today