
पांडवेश्वर : पांडवेश्वर थाना अंतर्गत खोट्टाडीह गांव संलग्न जंगल में प्रेमी युगल का पेड़ के सहारे फंदे से लटका शव मिला। शुक्रवार को इस घटना को लेकर इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतकों के नाम प्रशांत रुईदास (28 ) और श्रावणी कोल (24 ) है। दोनों मृतक पांडवेश्वर के निमसा गांव के निवासी थे। विष्णुदेव भंडारी, अनिल मंडल व अन्य स्थानीय लोगों ने कहा कि शुक्रवार सुबह गांव के कुछ लोग जब जंगल में गए तो देखा कि पेड़ के सहारे फंदे से दोनों का शव लटक रहा है। यह दृश्य देख वे लोग आतंकित होकर वहां से भागकर गांव पहुंचे और घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। स्थानीय सूत्र बताते है कि दोनों विवाहित थे। श्रावणी के पति का देहांत हो चुका है। उसका एक संतान है। जबकि प्रशांत भी शादीशुदा था। उसकी पत्नी और बच्चे है। पत्नी और बच्चे के रहते प्रशांत का श्रावणी संग अवैध संबंध स्थापित हो गया था। दोनों के संबंध किसी को स्वीकार नहीं था।