
भाजपा की रैली को लक्ष्य कर फेंके गये जूते और झाड़ू
कोलकाता : बुधवार को अम्हर्स्ट स्ट्रीट में भाजपा के रोड शो को लेकर उत्तेजना फैल गयी। इस दौरान तृणमूल व भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी और अर्जुन सिंह को लक्ष्य कर जूते व झाड़ू भी फेंके गये जिसे लेकर इलाके में उत्तेजना का माहौल है। भाजपा नेताओं ने इसका आरोप तृणमूल पर लगाया है। वहीं अम्हर्स्ट स्ट्रीट थाना के कुछ ही दूरी पर घटी इस घटना को लेकर पुलिस व प्रशासन की निष्क्रियता के आरोप भी लगाये जा रहे हैं।
दरअसल, बुधवार को ऋषिकेश पार्क से लेबूतला पार्क तक भाजपा की रैली निकाली गयी थी। इस रैली की शुरुआत से ही परिस्थिति अशांत हो गयी। अम्हर्स्ट स्ट्रीट में भाजपा की रैली में बाधा पहुंचाने का आरोप तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा। रोड शो में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह और बाबुल सुप्रियो के अलावा शुभेंदु अधिकारी व राजीव बनर्जी भी शामिल हुए थे। राेड शो के आगे बढ़ने के बाद इसे लक्ष्य कर झाड़ू और जूते फेंके गये, साथ ही गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गयी। पास के सेंट पॉल्स कॉलेज में भी दोनों पक्षों के बीच संघर्ष फैल गया। बाद में परिस्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भाजपा नेता राजीव बनर्जी ने कहा, ‘भाजपा की बढ़त देखकर तृणमूल डर गयी है। इस कारण भाजपा को रोकने के लिए इस तरह के हमले किये जा रहे हैं, लेकिन इस तरह भाजपा को नहीं रोका जा सकता।’