
पटना : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कोलकाता में शनिवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। दोनों के बीच कई मसलों पर चर्चा हुई है। बंगाल चुनाव के बाद दोनों के बीच यह पहली मुलाकात है। हालांकि इसके बारे में आधिकारिक तौर पर कुछ भी नहीं बताया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि दोनों ने राष्ट्रीय स्तर पर राजग का मजबूत विकल्प खड़ा करने की संभावनाओं पर विमर्श किया। बिहार एवं बंगाल में राजद एवं तृणमूल कांग्रेस का मुकाबला भाजपा से है। इसलिए दोनों की चिंताएं एक हैं। दो दिन पहले ही तेजस्वी पटना से कोलकाता चले गए थे। ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद तेजस्वी रांची आ गए हैं। झारखंड में उन्हें दो दिनों तक रहना है और पार्टी के कार्यक्रमों में शिरकत करना है।