
कोलकाताः पश्चिम बंगाल सरकार की दुआरे सरकार को केंद्र की तरफ से प्लेटिनम अवार्ड से नवाजा गया। यह अवार्ड राज्य सरकार को डिजिटल इंडिया 2022 के तहत दिया गया है। मालूम हो कि दुआरे सरकार योजना के तहत राज्यवासियों तक समस्त सरकारी परिसेवाएं पहुंचायी जाती हैं। दुआरे सरकार में विभिन्न योजनाओं के कैंप में जाकर लोग परिसेवा पाने के लिए आवेदन करते हैं जहां से लोगों का नाम उस योजना के लाभ के लिए दर्ज किया जाता है। राज्य को यह पुरस्कार आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू द्वारा राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य को दिया गया। 2020 में ममता सरकार ने 1 दिसंबर को दुआरे सरकार की शुरुआत की थी। नवान्न सूत्रों की माने तो अभी तक राज्यभर में करीब साढ़े तीन लाख से अधिक दुआरे सरकार का कैंप लगाया गया है जिसमें 6 करोड़ से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिला है।