
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : कांग्रेस के स्थापना दिवस (28 दिसंबर 1885) के उपलक्ष्य में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने बुधवार को राज्य में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत की। साथ में वरिष्ठ नेता चेल्लाकुमार, प्रदीप भट्टाचार्य,अब्दुल मन्नान, अमिताभ चक्रवर्ती, संतोष पाठक व प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अजहर मल्लिक समेत अन्य मौजूद थे। अधीर चौधरी ने कलश में बंगाल की खाड़ी और पवित्र गंगा जल को भरकर कपिल मुनि आश्रम मंदिर में परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद हजारों लोगों के साथ भारत जोड़ो यात्रा के बंगाल अभियान का आगाज किया। यह यात्रा उत्तर 24 परगना जिला के दक्षिणी हिस्से से शुरू हुई और इसका समापन लगभ 800 कि.मी. दूर दार्जिलिंग की पहाड़ियों में होगा। इस दौरान अधीर चौधरी ने कहा कि पार्टी की स्थापना दिवस के मौके पर कांग्रेस के उच्च स्तरीय नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं तथा लोगों की मौजूदगी में ऐतिहासिक अभियान शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि यात्रा को लेकर स्थानीय और आम लोगों के बीच गजब के उत्साह को देखकर वह अभिभूत हो गये। यात्रा में आये लोगों में मुख्य रूप से किसान, मछुआरा समुदाय से जुड़े लोग और समाज के पीड़ित समुदाय के लोग शामिल थे। कन्याकुमारी से काश्मीर तक ये यात्रा कांग्रेस का सामूहिक जनसंपर्क अभियान है जिसकी शुरुआत गत 7 सितम्बर को हुई थी। यात्रा अब तक कई राज्यों को कवर कर चुकी है जिसमें तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और राजस्थान शामिल है। यहां उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी तक राज्य के 10 जिलों की परिक्रमा कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे। सागर ब्लॉक में 2 दिन ठहरने के बाद कांग्रेस की यात्रा पाथरप्रतिमा जायेगी। इसी तरह सुंदरवन से पहाड़ के दार्जिलिंग तक कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पहुंचेगी। भाजपा विरोधी सभी को इस यात्रा में शामिल होने की अपील अधीर चौधरी ने की है।