
बारासात : बारासात अंचल के सासन थाने की पुलिस ने किशोरी सतीन मंडल के गले पर ब्लेड से प्रहार कर उसकी हत्या करने की कोशिश के आरोप में अभियुक्त सौतेली मां हलीमा बीबी को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को उसे बारासात कोर्ट में पेश किया गया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को यह घटना घटी थी जिसके बाद से वह महिला फरार बतायी जा रही थी। उसे बुधवार को इलाके में देख पुलिस ने कार्रवाई की। बताया गया है कि हलीमा ने किशोरी को कोई काम करने को कहा था और उसने काम करने से मना किया था तभी महिला ने उसके गले पर ब्लेड से प्रहार कर दिया। पीड़िता फिलहाल अस्पताल में चिकित्साधीन है।