सन्मार्ग संवाददाता
झाड़ग्राम : राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी प्रायः 4 वर्षों के बाद झाड़ग्राम जिले के बेलपहाड़ी में एक सभा को संबोधित करने जा रहीं हैं। जिसे लेकर जंगलमहल इलाके के लोगों में अलग ही उत्साह है। राजनीतिक स्तर पर कयास लगाया जा रहा है कि आगामी पंचायत चुनाव के पहले आदिवासियों का मन लुभाने के लिए ही मुख्यमंत्री ने इस बार बेलपहाड़ी को अपने सभा के लिए चुना है। राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आगामी 15 नवम्बर को बेलपहाड़ी के सहाड़ी मैदान में सभा करेंगी जहां पर बिरसा मुंडा की मूर्ति का अनावरण करेंगी व उन्हें श्रद्वांजलि अर्पित करेंगी। मुख्यमंत्री को लेकर प्रशासनिक व राजनीतिक स्तर पर जोरदार तैयारियां चल रहीं हैं।