
ट्रैफिक पुलिस ने 323 वाहनों का काटा चालान
नशे में वाहन चलाने के आरोप में 78 लोगों पर हुई कार्रवाई
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : क्रिसमस की पूर्व संध्या पर कोलकता के विभिन्न इलाकों में पुलिस ने 314 लोगों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पुलिस द्वारा 323 वाहनों का चालान काटा गया। सॉल्टलेक और कोलकाता में करीब 100 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ नशे में वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की गयी है। पुलिस के अनुसार अधिकतर मामले पार्क स्ट्रीट, पार्क सर्कस, गिरीश पार्क, जोड़ाबागान, सर्दन एवेन्यू, ईएण बाइपास और कसबा इलाके में सामने आए हैं । पुलिस के अनुसार नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए लोगों का ड्राइविंग लाइसेंस को जब्त कर अस्थायी तौर पर रद्द करने के लिए एसीपी रैंक के अधिकारियों को भेजा है। कोलकाता पुलिस की ओर से शनिवार की देर रात तक 878 वाहनों की जांच की गयी। इस दौरान 78 लोगों पर नशे में वाहन चलाने के लिए कार्रवाई की गयी। वहीं विधाननगर में 28 लोगों पर ड्रंक ड्राइविंग के लिए कार्रवाई की गयी। कोलकाता में पुलिस ने 323 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की और विधाननगर इलाके में 109 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी। महानगर में 57 लोगों पर बिना हेलमेट के बाइक चलाने और 45 लोगों के खिलाफ ट्रिपल राइडिंग के खिलाफ कार्रवाई की गयी। वहीं खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में 84 लोगों पर कार्रवाई की गयी। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक ट्रैफिक पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जाएगा। पुलिस की ओर से पार्क स्ट्रीट, जेएल नेहरू रोड और एपीसी रोड पर पेट्रोलिंग की गयी। रविवार को पार्क स्ट्रीट के अलावा, विक्टोरिया, अलीपुर चिड़ियाखाना सहित विभिन्न इलाकों में महिला पुलिस कर्मियो की तैनाती की गयी थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के जरिए लोगों की भीड़ पर नजर रखी। शनिवार के बाद रविवार को भी पार्क स्ट्रीट में लोगों की भीड़ उमड़ी। पुलिस कर्मियों को एलेन पार्क की तरफ आने वाले लोगों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
.