
सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : या देवी सर्वभूतेषु शक्ति रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम:।। आज सोमवार को प्रतिपदा से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो जायेगा। नवरात्रि में देवी की पूजा से पहले घटस्थापना होगी। पूरे नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना की जाएगी। घर – घर में नवरात्रि की तैयारियां चल रही हैं। बाजारों में पूजा पाठ के सामानों की खरीददारी के लिए खूब भीड़ देखी जा रही है। मंदिरों को भी खूबसुरती के साथ सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न आए इस पर भी ध्यान दिया गया है। बहुत पावन माहौल बन गया है। एक अलग ही रंग में नजर आ रहा है।
पंडालों में तैयारियां तेजी पर
राज्भर में दुर्गापूजा के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। कोलकाता के विभिन्न पूजा पंडाल थीम आधारित पंडाल बना रहे हैं। हावड़ा, साल्टलेक, हुगली सहित विभिन्न जगहों पर जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। वहीं दो सालों के बाद पूजा आयोजकों तथा लोगों में खूब उत्साह है। कोविड के कारण गत दो सालों तक बड़े पैमाने में पर पूजा का आयोजन नहीं हो पाया था मगर इस बार खुशी दुगुनी है क्योंकि यूनेस्को द्वारा बंगाल के दुर्गापूजा को हैरिटेज का दर्जा मिला है। ऐसे में कलाकारों में भी खुशी की लहर है। श्रीभूमि, चेतला अग्रणी, सुरुची संघ, मो. अली पार्क, कॉलेज स्क्वायर, एकडालिया एवरग्रीन से लेकर अलग -अलग पूजा पंडालों में कहीं प्रतिमा भव्य है तो कहीं थीम बेहद ही आकर्षण का केंद्र बिंदु होगा।