Munmun
टॉप न्यूज़

इस सप्ताह रहेगा कुछ इस तरह का मौसम.....

अगले सप्ताह से बढ़ सकती है ठंड

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नवंबर की शुरुआत होते ही कोलकाता और महानगर में सुबह के समय हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू हो सकती है और अगले सप्ताह से ठंड बढ़ने की संभावना है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हाल ही में हवा में नमी 67 से 78 प्रतिशत के बीच रह रही है, जो पहले 90 प्रतिशत से अधिक थी। नमी में इस कमी के कारण वातावरण धीरे-धीरे शुष्क होता जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण बंगाल में सप्ताहांत के समय सुबह के समय शीतलहर का अहसास हो सकता है, लेकिन अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना फिलहाल कम है।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्नचाप
पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने निम्नचाप का प्रभाव अब उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैल चुका है। यह निम्नचाप धीरे-धीरे उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और अगले 24 घंटों में दक्षिण बांग्लादेश के तट के पास रहेगा। इसके कारण बंगाल की खाड़ी, म्यांमार और बांग्लादेश के तटों पर समुद्र में उथल-पुथल बनी रहेगी। सुरक्षा कारणों से मछुआरों को समुद्र में जाने से रोका गया है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिम बंगाल के तटीय और आसपास के जिलों में आंशिक बादल रहेंगे, जबकि अन्य जिलों में मौसम मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। कुछ जिलों में रात और सुबह शीतलहर के साथ कोहरा भी बने रहने की संभावना है। उत्तर बंगाल में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन रात में तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह में तापमान में हल्की गिरावट शुरू हो सकती है और अगले सप्ताह से यह ठंड के प्रभाव को और बढ़ा सकती है। इसलिए लोगों को सुबह और रात के समय हल्के गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा, धूप कम होने और हवा के शुष्क होने के कारण वातावरण में शीतलहर का अहसास अधिक होगा।

इस सप्ताह और अगले सप्ताह के लिए मौसम विभाग ने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि समुद्री क्षेत्रों में रहने वाले मछुआरों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक समुद्र और बाहरी गतिविधियों के दौरान सावधानी बरतें। साथ ही, कोहरे और हल्की ठंड को देखते हुए बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

SCROLL FOR NEXT