उज्जैन : मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में एक शादी की तैयारी उस वक्त अधर में लटक गयी जब शादी से महज 8 दिन पहले 45 साल की समधन 50 साल के समधी के साथ फरार हो गयी। बताया जाता है कि जब में बच्चों की सगाई की बात चला रहे थे तभी दोनों ‘अभिभावकों’ में प्रेम हो गया। ‘समधी’ और ‘समधन’ के परिजनों ने कई जगह उनकी तलाश की। जब दोनों नहीं मिले तो पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करायी गयी।
पुलिस ने ‘हथियार’ डाल दिये
पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए महिला की तलाश शुरू की। पुलिस ने महिला को बरामद कर लिया और उसे लेकर थाने पहुंची। महिला ने घर जाने से इनकार करते हुए समधी के साथ रहने की इच्छा जाहिर की। पुलिस ने महिला को काफी समझाया लेकिन महिला नहीं मानी और समधी के गांव चली गयी। पुलिस ने बताया कि दोनों बालिग हैं और यह व्यक्तिगत मामला है, इसलिए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जा सकती।
सगाई के दौरान शुरू हुआ दूल्हे की मां और दुल्हन के पिता का प्रेम प्रसंग
उज्जैन के बड़नगर के ऊंटवासा की रहने वाली महिला 8 दिन से घर से गायब थी। रिश्तेदारों ने कई जगह तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। ऐसे में महिला के बेटे ने बड़नगर थाने में गुमशुदगी दर्ज करायी। पुलिस की जांच में महिला को गुरुवार को थाने लाया गया। थाने में जब महिला ने बताया तो हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। महिला के बड़े बेटे की शादी चिकली के रहने वाले किसान की बेटी से तय हुई थी। दोनों की सगाई और शादी की तैयारी चल रही थी। इसी बीच दूल्हे की मां का प्रेम प्रसंग दुल्हन के पिता से शुरू हो गया। अपने बच्चों की सगाई होने से पहले महिला ने अपने पति को छोड़कर होने वाली समधी के साथ घर से भागने का निर्णय लिया।