राष्ट्रपति ने उत्तराखंड विधानसभा को संबोधित किया 
टॉप न्यूज़

विधायक विकास और जनकल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा से करें: मुर्मू

राष्ट्रपति की जन प्रतिनिधियों से अपील : वंचित वर्गों के लिए संवेदनशीलता से कार्य करें

देहरादून : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विधायकों को जनता और शासन के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनसे आग्रह किया है कि वे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को पूरी निष्ठा और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करें। मुर्मू ने साथ ही विधायकों से यह आग्रह भी किया कि वे समाज के वंचित वर्गों के लिए संवेदनशीलता से कार्य करें।

राष्ट्रपति उत्तराखंड विधानसभा में, साथ में हैं राज्यपाल गुरमीत सिंह और विधानसभा की अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण

उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती

राष्ट्रपति ने उत्तराखंड राज्य की स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को यहां आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभाएं हमारी संसदीय प्रणाली का प्रमुख स्तम्भ हैं जिसमें संविधान निर्माताओं ने निरंतर उत्तरदायित्व को अधिक महत्व दिया था। उन्होंने कहा कि विधायक जनता और शासन के बीच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं और जमीनी स्तर पर क्षेत्र की जनता से जुड़कर लोगों की सेवा करने का मौका मिलना एक सौभाग्य की बात है।

विधायक के तौर पर अपने अनुभव का जिक्र

इस संबंध में एक विधायक के तौर पर अपने अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि विधायक सेवाभाव से निरंतर जनता की समस्याओं के समाधान तथा उनके कल्याण में सक्रिय रहेंगे तो जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास का बंधन अटूट बना रहेगा। राष्ट्रपति ने विधायकों से कहा कि युवा पीढ़ी को विकास के अवसर प्रदान करना आपकी प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदेश के गठन की रजत जयंती के लिए बधाई देते हुए मुर्मू ने दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जिक्र किया जिनके कार्यकाल के दौरान नवंबर 2000 में उत्तराखंड राज्य बना था।

SCROLL FOR NEXT