कोलकाता : वेस्ट पोर्ट थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान सरवर अली के रूप में हुई है, जो फैक्ट्री में बतौर श्रमिक काम कर रहे थे। घटना रात लगभग 8:30 बजे की है, जब सरवर अली काम के दौरान करंट की चपेट में आ गए।
सूत्रों के मुताबिक, सरवर अली रात में जल्दी घर लौटने की तैयारी में थे और काम तेजी से निपटा रहे थे। इसी दौरान वे एक भारी ऑक्सीजन सिलिंडर को हटाने लगे। अचानक सिलिंडर पास से गुज़र रहे एक बिजली के तार पर गिर पड़ा। जोरदार झटके से तार की रबर कोटिंग फट गई और सिलिंडर के ज़रिए बिजली का करंट फैल गया। सरवर अली उसी समय उसकी चपेट में आ गए।
मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत उन्हें उठाया और पहले इकबालपुर स्थित एक स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर देख उन्हें एसएसकेएम अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए मजदूरों और उनके परिजनों ने फैक्ट्री के सामने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी हो रही है और श्रमिकों की जान को खतरे में डाला जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया और किसी तरह हालात पर काबू पाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से ऑक्सीजन सिलिंडर, क्षतिग्रस्त बिजली के तार समेत अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण करंट लगना पाया गया है, लेकिन अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।