हिमाचल प्रदेश: भारी वर्षा को लेकर ‘येलो' अलर्ट, 566 सड़कें बंद

भाजपा सांसद कंगना रनौत ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
कंगना रनौत
आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करती भाजपा सांसद कंगना रनौत
Published on

शिमला : हिमाचल प्रदेश के 4 जिलों में भारी बारिश की ‘येलो’ चेतावनी के बीच राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई और दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कुल 566 सड़कें बंद कर दी गई हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने गुरुवार को कुल्लू जिले के मनाली उपमंडल में सोलंग और पलचान के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, प्रभावित लोगों से बातचीत की और स्थिति का जायजा लिया।

अभिनय से राजनीति में आयीं रनौत को मनाली के भाजपा नेता और पूर्व विधायक गोविंद सिंह ठाकुर ने स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर बुनियादी ढांचे को हुई क्षति और अन्य नुकसानों के बारे में बताया। सिंह ने सांसद को बताया कि खतरे में पड़े 15-16 घरों के परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। स्थानीय लोगों ने सांसद को बताया कि पूरा सोलंग गांव पर भूस्खलन का खतरा है, क्योंकि व्यास नदी उस पहाड़ को काट रही है जिस पर यह गांव बसा है। स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि पानी के प्रवाह को मोड़कर नदी का मार्ग बदलना तत्काल उपाय होगा।

स्थानीय मौसम विभाग कार्यालय ने बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर के अलग-अलग इलाकों में गुरुवार को भारी बारिश तथा गरज के साथ बौछारें पड़ने की ‘येलो’ चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने बताया कि शिमला, कांगड़ा, पालमपुर, मुरारी देवी और सुंदरनगर में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि ताबो और बजौरा में 33 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। गुरुवार सुबह एनएच 3 (अटारी-लेह मार्ग) और एनएच-503ए (अमृतसर-भोटा मार्ग) समेत कुल 566 सड़कें बंद कर दी गईं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, मंडी में सबसे ज़्यादा 203 सड़कें बंद हैं तथा कुल्लू में 156 और शिमला ज़िले में 50 सड़कों पर यातायात निषिद्ध है। इस साल मानसून के आगमन के बाद से, इस हिमालयी राज्य में बादल फटने की 46, अचानक बाढ़ की 98 और बड़े भूस्खलन की 145 घटनाएं हुई हैं, जबकि 419 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 237 लोगों की मौत वर्षाजनित घटनाओं में और 182 की सड़क दुर्घटनाओं में हुई। 479 लोग घायल हुए हैं, जबकि 45 अब भी लापता हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in